शाहपुर में गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर स्वच्छता अभियान आयोजित; विकास कार्यों की उठी मांग
शाहपुर (बैतूल), राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर सार्वजनिक विकास मंच शाहपुर द्वारा 2 अक्टूबर 2026 को नगर परिषद क्षेत्र शाहपुर के श्री राम घाट पतौवापुरा और शहीद स्मारक सरदार गंजन सिंह चौपाल परिसर में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसके बाद भव्य जयंती समारोह का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि यह मंच पिछले 16 वर्षों यानी 2 अक्टूबर 2010 से लगातार स्थानीय गणमान्य नागरिकों तथा घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचल के जनसहयोग से इस परंपरा को निभाता आ रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर तिलक और माल्यार्पण कर सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित नागरिकों ने बापू और शास्त्री जी के आदर्शों, उनके विचारों तथा उनके बताए गए मार्ग पर निष्ठापूर्वक चलने का सामूहिक संकल्प लिया। समारोह के दौरान आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने स्वच्छता, जल संरक्षण, नदी तटों के सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारने पर बल दिया। इसके अलावा, राष्ट्र सेवा में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए ग्राम से लेकर संपूर्ण क्षेत्रीय विकास में योगदान देने का आह्वान किया गया।
समारोह के दौरान स्थानीय नागरिकों और मंच के सदस्यों ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण और लंबे समय से लंबित मांगें नगर परिषद अध्यक्ष के समक्ष प्रमुखता से रखीं। इनमें प्रमुख रूप से श्री राम घाट के निर्माण कार्य को अतिशीघ्र शुरू करने, शहीद स्मारक का जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कराने, अत्यधिक क्षतिग्रस्त हो चुकी सरदार गंजन सिंह चौपाल का नए सिरे से निर्माण कराने तथा क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराने की मांग शामिल थी। इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए कार्यक्रम में उपस्थित नगर परिषद अध्यक्ष श्री रोहित 'विक्की' नायक ने आश्वस्त किया कि इन विकास कार्यों को गति देने के लिए वे क्षेत्र की विधायक महोदय को औपचारिक रूप से पत्र लिखकर शीघ्र ही अवगत कराएंगे।
इस गरिमामयी आयोजन में क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में छोटू राठौर, कमलेश प्रजापति, रवि बारस्कर, कमल परसाई, अनिल जैन, ओमप्रकाश गुप्ता, शैलेंद्र शुक्ला, रामावतार वर्मा, राजेंद्र गढ़वाल, संजय जगताप, महेंद्र प्रजापति, आकाश साहू, बल्लू गुप्ता सहित तमाम युवा साथियों और स्थानीय नागरिकों ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई।











