शासकीय महाविद्यालय शाहपुर में 'सेवा सप्ताह' का गरिमामय समापनSevaWeek VivekanandaJayanti StudentInitiatives
- Jan 14
- 1 min read
शाहपुर: शासकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की संयुक्त ईकाई के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय 'सेवा सप्ताह' का समापन स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर हर्षोल्लास के साथ हुआ। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों ने वैचारिक संगोष्ठियों से लेकर धरातल पर सेवा कार्यों तक में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सप्ताह का आरंभ विवेकानंद जी के जीवन और राष्ट्र निर्माण पर आधारित निबंध, वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिताओं से हुआ, जहाँ युवाओं ने अपने ओजस्वी विचारों से उनके जीवन दर्शन को रेखांकित किया। सामाजिक सरोकारों को जोड़ते हुए महाविद्यालय द्वारा स्वच्छता जागरूकता अभियान और नशामुक्ति रैली निकाली गई तथा 'स्वस्थ युवा, स्वस्थ भारत' का संदेश दिया गया।
विशेष सेवा दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने दिव्यांगजनों व बच्चों के लिए सहायता संबंधी गतिविधियाँ संचालित कीं। सप्ताह के अंतिम दिनों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के साथ-साथ रक्तदान जागरूकता अभियान व स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया।
SevaWeek VivekanandaJayanti StudentInitiatives
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य श्रीमती नीतू जायसवाल माहोरे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि, "सेवा सप्ताह का उद्देश्य केवल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक उत्तरदायित्व का बीजारोपण करना है। स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलकर ही युवा एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। हमारे विद्यार्थियों ने रक्तदान और जन-सेवा के माध्यम से जो उदाहरण पेश किया है, वह सराहनीय है।" इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों और प्रभारियों को बधाई दी।











