बैतूल: ₹50,000 दो और कहीं भी जमीन पर कब्जा कर लो! BRC अधिकारी के भ्रष्टाचार और 'सरकारी चोरी' का सनसनीखेज खुलासा AdministrativeCorruption, GovernmentPropertyTheft, EducationDepartmentScandal
- Mar 12
- 2 min read
Updated: Mar 16
शाहपुर (बैतूल) | विशेष खोजी रिपोर्ट बैतूल जिले के शाहपुर ब्लॉक में प्रशासनिक भ्रष्टाचार और सरकारी संपत्ति की लूट का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे शिक्षा विभाग को शर्मसार कर दिया है। GAMAKI Media Digital के पास मौजूद पुख्ता सबूतों और एक शिकायतकर्ता के लिखित आवेदन ने ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) के अधिकारी राधेलाल भादे की कार्यप्रणाली की पोल खोल दी है।

"पचास हजार दो और कहीं भी झंडा गाड़ दो"
शिकायतकर्ता ने नाम न छापने की शर्त पर सनसनीखेज खुलासा किया है कि BRC अधिकारी राधेलाल भादे ने उसे रिश्वत का खुला ऑफर दिया। आरोपों के अनुसार, अधिकारी ने कहा कि— "₹50,000 की रिश्वत दो और जमीन पर कहीं भी कब्जा कर झंडा गाड़ दो।" एक जिम्मेदार पद पर बैठे अधिकारी द्वारा अवैध कब्जे के लिए रिश्वत देने को उकसाना प्रशासन की 'निरंकुशता' का प्रमाण है।
AdministrativeCorruption, GovernmentPropertyTheft, EducationDepartmentScandal
स्कूल और छात्रावास के सामान की 'सरकारी चोरी'
शिकायतकर्ता द्वारा सौंपे गए तथ्यों में सरकारी संपत्ति की हेराफेरी के भी गंभीर आरोप हैं। राधेलाल भादे (जो वर्तमान में मॉडल स्कूल के प्रभारी प्राचार्य भी हैं) और पूर्व प्राचार्य यादव पर स्कूल व छात्रावास का कीमती सामान चोरी करने का आरोप है।
चोरी किए गए सामान की सूची (जो जबरन शिकायतकर्ता के घर रखवाया गया):
बच्चों के भोजन की स्टील प्लेट्स
स्कूल के पंखे
सरकारी पेंट के डब्बे
LED टीवी
कूलर और अन्य कीमती सामान।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह सामान उसके और उसकी सास के घर पर जबरन रखवाया गया और विरोध करने पर उसे पद की धौंस दिखाते हुए चुप रहने की धमकी दी गई।
प्रशासन से GAMAKI Media के 5 सीधे सवाल:
सवाल: क्या जिला प्रशासन को खबर है कि एक BRC स्तर का अधिकारी खुलेआम ₹50,000 में सरकारी जमीन का सौदा कर रहा है?
सवाल: बच्चों के हक की प्लेट्स, पंखे और LED टीवी जैसे सामान अधिकारी के संरक्षण में चोरी होकर निजी घरों में कैसे पहुँच रहे हैं?
सवाल: क्या मॉडल स्कूल जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की कमान ऐसे 'दागी' अधिकारी के हाथों में सुरक्षित है?
सवाल: शिकायतकर्ता को धमकी देकर मुंह बंद कराने वाले इन अधिकारियों पर अब तक 'अनुशासनात्मक कार्रवाई' क्यों नहीं हुई?
सवाल: क्या कलेक्टर बैतूल और शिक्षा विभाग इस भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों को जेल भेजेंगे या मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?
अधिकारी का पक्ष
इस पूरे मामले पर राधेलाल भादे ने सभी आरोपों को निराधार बताया है और कहा है कि इसकी जांच कराई जाएगी। हालांकि, GAMAKI Media को प्राप्त दस्तावेज और साक्ष्य प्रशासनिक भ्रष्टाचार की गवाही देते प्रतीत हो रहे हैं।
"GAMAKI Media Digital का संकल्प: हम बच्चों के हक की चोरी और सरकारी जमीन की बंदरबांट को बर्दाश्त नहीं करेंगे। न्याय होने तक हमारी पड़ताल जारी रहेगी।"











