top of page

शाहपुर में अनोखी मिसाल: मेहंदी लगे हाथों से परीक्षा देने पहुंची मुस्कान, दूल्हा करता रहा इंतजार

Apr 27
1 min read

बैतूल के शाहपुर में एक दुल्हन ने विदाई से पहले बीए की परीक्षा देकर समाज के सामने शिक्षा के प्रति जागरूकता की अनोखी मिसाल पेश की है। शाहपुर के स्टाफ क्वार्टर में रहने वाली मुस्कान की शादी डोकली सारणी निवासी गोविंदा के साथ 26 अप्रैल को संपन्न हुई। रातभर शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद 27 अप्रैल को मुस्कान की विदाई तय थी, लेकिन उसी दिन उनका बैचलर ऑफ आर्ट (द्वितीय वर्ष) का पेपर भी था। ऐसे में परिवार और ससुराल पक्ष की सहमति से मुस्कान परीक्षा देने के लिए शासकीय महाविद्यालय शाहपुर के परीक्षा केंद्र पहुंची। मुस्कान दुल्हन के पूरे श्रृंगार और हाथों में मेहंदी लगाए सुबह 8 बजे से 11 बजे तक परीक्षा देती रहीं।

इस दौरान बारात और दूल्हा घर पर उनका इंतजार करते रहे। परीक्षा समाप्त होने के बाद मुस्कान घर लौटीं, जहां विदाई की सभी रस्में पूरी की गईं।

मुस्कान ने बताया कि उनका सपना आगे पढ़ाई पूरी कर शिक्षक बनने का है। उन्होंने कहा कि “शिक्षा सबसे जरूरी है, इसलिए मैंने शादी के बीच भी परीक्षा देना जरूरी समझा। मुझे खुशी है कि मेरे परिवार और ससुराल वालों ने पूरा सहयोग दिया।

इस अनोखी पहल की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है और लोग इसे शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच का प्रेरणादायक उदाहरण मान रहे हैं।

 
 

Top Stories

1/16
bottom of page