top of page

शाहपुर: नरवाई की आग ने मचाई तबाही, 11.3 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित; किसानों का लाखों का नुकसान

Apr 30
2 min read

बैतूल/शाहपुर। तहसील के ग्राम टांगना माल (पटवारी हल्का नंबर 14) में नरवाई जलाने की एक बड़ी लापरवाही ने विकराल आग का रूप ले लिया। इस घटना में करीब 11.3 हेक्टेयर क्षेत्र आग की चपेट में आ गया, जिससे कई किसानों की खड़ी फसल और कृषि उपकरण जलकर खाक हो गए। घटना 28 अप्रैल दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है।

लापरवाही ने ली आग की शक्ल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्व निरीक्षक मंडल बीजादेही के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में आवेदकों का दावा है की वहां नरवाई जलाई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों में फैल गई। घटना के बाद से ही आरोपी जीवन मौके से फरार बताया जा रहा है।

किसानों को पहुंची भारी आर्थिक क्षति

हल्का पटवारी, कोटवार और ग्रामीणों द्वारा किए गए स्थल निरीक्षण में भारी नुकसान की पुष्टि हुई है:

  • फसल का नुकसान: किसान मनीराम (पिता बिहारी) और सती बाई के खेत में बोई गई 4 हेक्टेयर फसल में से लगभग 1.6 हेक्टेयर फसल पूरी तरह जल गई है।

  • कृषि उपकरणों की बर्बादी: किसान कामजीलाल (पिता बिहारी) के खेत में रखे 75 पाइप और 5 ट्रॉली भूसा जल गया, जिसकी कीमत करीब 85 हजार रुपए आंकी गई है।

  • अन्य नुकसान: मनीराम और सती बाई के खेत में रखे 38 पाइप और 3 पाइप रोल भी आग की भेंट चढ़ गए, जिससे उन्हें लगभग 60 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।

नाले के पास जाकर थमी आग

ग्रामीणों ने बताया कि आग फैलते हुए पास के एक नाले तक पहुँच गई थी, जहाँ पानी और हरियाली के कारण वह स्वतः ही बुझ गई। यदि आग आगे बढ़ती तो नुकसान का आंकड़ा और भी भयावह हो सकता था।

प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही राजस्व अमला मौके पर पहुँचा। ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया है। मौके पर दिनेश यादव, नरेश नागले, रामाधार यादव सहित अन्य ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए हैं। प्रशासन ने आरोपी के विरुद्ध जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जा रही है।

 
 

Top Stories

1/16
bottom of page