बैतूल: विधायक हेमंत खंडेलवाल की सुपुत्री को श्रद्धांजलि देने पहुंचे दिग्गज नेता और प्रशासनिक अधिकारी
- Mar 12
- 1 min read
बैतूल | 12 मार्च 2026 भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की सुपुत्री स्व. सुश्री सुरभि खंडेलवाल के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए गुरुवार को बैतूल में दिग्गजों का तांता लगा रहा। पूर्व गृह मंत्री, कैबिनेट मंत्री सहित संभाग और जिले के आला अधिकारियों ने खंडेलवाल निवास पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

पूर्व गृह मंत्री और जल संसाधन मंत्री ने बंधाया ढांढस
मध्यप्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा गुरुवार को विशेष रूप से विधायक हेमंत खंडेलवाल के निज निवास पहुंचे। उन्होंने स्व. सुरभि खंडेलवाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में ईश्वर परिवार को संबल प्रदान करें।
इसी क्रम में प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भी निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने विधायक खंडेलवाल और उनके परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं। इस दौरान जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य सुधाकर पवार सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अमले ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
राजनीतिक हस्तियों के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने भी दिवंगत आत्मा को नमन किया। संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी, आईजी मिथलेश कुमार शुक्ला, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन और जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन ने एक साथ खंडेलवाल निवास पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की। इनके साथ एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, एसडीओपी सुनील लाटा और तहसीलदार पूनम साहू सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।











