top of page

बैतूल: किसानों की समस्याओं को लेकर 9 अप्रैल को कांग्रेस का जिला स्तरीय प्रदर्शन

  • Apr 6
  • 2 min read

खरीदी में देरी, ओलावृष्टि और बिजली बिलों के विरोध में शिवाजी ऑडिटोरियम में जुटेंगे कार्यकर्ता

बैतूल। जिले के किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर कांग्रेस अब आक्रामक रुख अपनाने जा रही है। जिला संगठन महामंत्री बृजभूषण पांडे ने बताया कि 9 अप्रैल को बैतूल के शिवाजी ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से एक विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन के माध्यम से पीड़ित किसानों के साथ जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यह प्रदर्शन मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर प्रदेशव्यापी आंदोलन का हिस्सा है।

खरीदी तारीखों में बदलाव से बढ़ा आक्रोश

जिले में गेहूं खरीदी की तारीखों में बार-बार हो रहे बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पहले 23 मार्च से शुरू होने वाली खरीदी को बढ़ाकर क्रमशः 1 अप्रैल, 10 अप्रैल और अब 15 अप्रैल कर दिया गया है। सरकारी खरीदी शुरू न होने के कारण किसान मजबूरन मंडियों में अपनी उपज 2000 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल के कम दाम पर बेच रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि पड़ोसी राज्य राजस्थान में मार्च मध्य से ही खरीदी शुरू हो चुकी है, लेकिन मध्य प्रदेश सरकार की देरी से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

कुप्रबंधन और बिजली बिलों का मुद्दा

कांग्रेस ने सरकार पर कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा कि सहकारी संस्थाओं से ऋण वसूली की अंतिम तिथि 31 मार्च तय होने के कारण लगभग 50 प्रतिशत किसान 'डिफाल्टर' की श्रेणी में आ गए हैं। इसके अलावा:

  • हाल ही में हुई ओलावृष्टि और अतिवृष्टि का उचित मुआवजा न मिलना।

  • खाद की निरंतर कमी और मनमाने बिजली बिल।

  • बिजली चोरी के झूठे प्रकरण दर्ज करना।

  • नरवाई जलाने पर किसानों के विरुद्ध पक्षपातपूर्ण कार्रवाई।

व्यापक जनभागीदारी की अपील

जिला संगठन महामंत्री बृजभूषण पांडे ने सभी ब्लॉक, शहर, मंडलम अध्यक्षों, समन्वय समिति के सदस्यों, मोर्चा संगठनों, पूर्व विधायकों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक किसानों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। संगठन का लक्ष्य इस प्रदर्शन के माध्यम से सरकार तक किसानों की आवाज को मजबूती से पहुँचाना है।

 
 

Top Stories

1/3
bottom of page