उदयपुरा नगर परिषद के उपयंत्री 2 लाख की रिश्वत लेते लोकायुक्त के हत्थे चढ़े, सहायक ग्रेड-2 भी आरोपी
भोपाल : भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भोपाल लोकायुक्त टीम ने नगर परिषद उदयपुरा के उपयंत्री को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
जानकारी के अनुसार आवेदक जयंत चतुर्वेदी, संचालक नवीन बिल्डकॉम, ने लोकायुक्त से शिकायत की थी कि नगर परिषद उदयपुरा में किए गए बस स्टैंड सीसी निर्माण और मेन रोड सीसी रोड निर्माण कार्य की सिक्योरिटी डिपॉजिट (SD) रिलीज करने तथा अनुभव प्रमाण-पत्र जारी करने के एवज में उपयंत्री दीपांशु पटेरिया और सहायक ग्रेड-2 शंकर साहू द्वारा 5 लाख रुपये रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त भोपाल ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। सोमवार को 6 नंबर हॉकर्स कॉर्नर के सामने, संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास के पास, भोपाल में आरोपी उपयंत्री दीपांशु पटेरिया को आवेदक से 2 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। मामले में सहायक ग्रेड-2 शंकर साहू को भी आरोपी बनाया गया है।
लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 12 एवं भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 61 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक अजय मिश्रा, वीरेंद्र सिंह, उप पुलिस निरीक्षक रजनी तिवारी, निरीक्षक घनश्याम सिंह मर्सकोले सहित लोकायुक्त की टीम शामिल रही।
भ्रष्टाचार के खिलाफ इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे सरकारी तंत्र में हड़कंप मच गया है।











