राजस्व वसूली में तेजी लाएं: कलेक्टर श्री सूर्यवंशी
- Dec 29, 2025
- 2 min read
जनहित के कार्यों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में हो काम : कलेक्टर श्री सूर्यवंशी
बैतूल: कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं प्रकरणों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।इसके लिए विभागीय अधिकारी अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाएं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि समन्वय और नियमित समीक्षा से ही बेहतर परिणाम मिल सकते हैं। सभी अधिकारी सतत फील्ड में रहकर कार्यों को देखें और समस्याओं का मौके पर समाधान करें।
50 प्रतिशत से कम वसूली पर कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने नगरीय प्रशासन विभाग की कर वसूली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। जलकर, संपत्ति कर, भूमि, दुकान और बाजार शुल्क सहित सभी मदों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि वसूली में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नगर पालिका और नगर परिषदों के सीएमओ को निर्देश दिए कि वसूली अभियान में तेजी लाई जाए। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदारों को भी अपने-अपने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने निर्देशित किया कि इस सप्ताह जिन नगरीय निकायों में 50 प्रतिशत से कम वसूली पाई जाएगी, वहां जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बकाया करदाताओं की सूची तैयार कर विशेष अभियान चलाने, बड़े बकायादारों से प्राथमिकता के आधार पर वसूली करने के निर्देश दिए।
50 दिवसीय शिकायत का करें त्वरित निराकरण
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग किसान कल्याण, खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग, नगरी आवास को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता से संवाद कर वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में 50 दिवसीय शिकायतों को लंबित रखने वाले तहसीलदार, नायाब तहसीलदार को शोकाज नोटिस देने के निर्देश दिए।
राजस्व प्रकरणों के निराकरण में प्रगति लाने के निर्देश
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा एवं अन्य राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों में देरी आमजन को अनावश्यक परेशानी में डालती है, इसलिए पटवारियों से लेकर तहसीलदार स्तर तक जिम्मेदारी तय की जाए। बैठक में निर्माणाधीन विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि समय-सीमा के साथ-साथ गुणवत्ता भी सर्वोपरि है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। खनिज विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने वन स्थापना अधिनियम, वन अधिकार पट्टे के लंबित प्रकरणों पर सभी एसडीएम और जनपद सीईओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।











