तेंदुलकर ने टी20 विश्व कप विजेता भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम से की मुलाकात, जज्बे को सराहा (SachinTendulkar Meets BlindCricket Team: InspiringAthletes' Journey)
मुंबई। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम से मुलाकात कर उनके जज्बे, मेहनत और संघर्ष की जमकर सराहना की। यह खास मुलाकात मंगलवार को मुंबई के एमआईजी क्रिकेट क्लब में हुई।

SachinTendulkar Meets BlindCricket Team: InspiringAthletes' Journey
सचिन तेंदुलकर ने खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान कहा कि तमाम चुनौतियों को पार कर देश का नाम रोशन करना आसान नहीं होता, लेकिन आप सभी ने यह कर दिखाया है। उन्होंने टीम को याद दिलाया कि सफलता के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। अब लोगों की उम्मीदें और भी ज्यादा होंगी, जिन्हें पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और एकाग्रता बेहद जरूरी है।
तेंदुलकर ने इस बात पर भी जोर दिया कि विश्व कप जीतना कोई अंतिम मुकाम नहीं, बल्कि यह एक लंबी और प्रेरणादायक यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम अब लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बन चुकी है।
इस अवसर पर भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम की कप्तान दीपिका टीसी ने कहा कि टीम ने हमेशा जुनून और आत्मविश्वास के साथ खेला है। सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गज खिलाड़ी के प्रोत्साहन भरे शब्दों ने पूरे दल को भावुक कर दिया और आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की ऊर्जा दी है।
इस मुलाकात को टीम के लिए यादगार पल बताते हुए आयोजकों ने कहा कि तेंदुलकर का मार्गदर्शन खिलाड़ियों के मनोबल को नई ऊंचाई देगा और आने वाले समय में टीम और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी।











