बैतूल पुलिस की बड़ी कामयाबी: साल 2025 में देश के विभिन्न राज्यों से 159 लापता नाबालिग लड़कियां बरामद RescueMission, ChildSafety, PoliceSuccess
- Jan 8
- 2 min read
बैतूल। बैतूल पुलिस ने साल 2025 में गुमशुदा नाबालिग लड़कियों की तलाश में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने देश के अलग-अलग राज्यों और जिलों में दबिश देकर 159 नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के नेतृत्व में चलाई गई इस मुहिम से कई परिवारों की खुशियां वापस लौटी हैं।
कहां-कहां पहुंची पुलिस की टीमें?
पुलिस ने केवल मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और दक्षिण भारत के राज्यों तक अपनी पहुंच बनाई।
मध्य प्रदेश के अंदर: बैतूल जिले के अलग-अलग इलाकों से 128 लड़कियां मिलीं। इसके अलावा भोपाल, छिंदवाड़ा, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम जैसे शहरों से भी दस्तयाबी की गई।
दूसरे राज्यों का हाल: महाराष्ट्र के नागपुर, पुणे, नासिक और अमरावती से 7 लड़कियां मिलीं। साथ ही गुजरात, दिल्ली, राजस्थान और तमिलनाडु जैसे राज्यों से भी लड़कियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित वापस लाया गया।
RescueMission, ChildSafety, PoliceSuccess
हाईटेक तरीके से की गई तलाश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और जिले के सभी एसडीओपी के मार्गदर्शन में पुलिस ने इन लड़कियों को खोजने के लिए हाईटेक तरीके अपनाए। मोबाइल लोकेशन, सोशल मीडिया एक्टिविटी और तकनीकी जांच की मदद से उन ठिकानों का पता लगाया गया जहां ये लड़कियां मौजूद थीं। इस दौरान दूसरे राज्यों की पुलिस का भी बड़ा सहयोग रहा।
परिजन हुए भावुक, पुलिस टीम हुई सम्मानित
सभी लड़कियों को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनके माता-पिता को सौंप दिया गया है। अपने बच्चों को वापस पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। बेहतरीन काम करने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक ने इनाम देने की घोषणा की है।
अभिभावकों के लिए पुलिस का संदेश
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को लेकर सावधान रहें। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति बच्चों के साथ गलत व्यवहार या संदिग्ध गतिविधि देखे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। बैतूल पुलिस बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर वक्त तैनात है।।









