मानवीय पहल: शाहपुर पुलिस ने मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को ढूंढकर परिजनों से मिलाया LostAndFound, SocialMediaHelp, PoliceAssistance
- Jan 25
- 1 min read

जंगल में भटकती मिली थी महिला
जानकारी के अनुसार, उक्त महिला पिछले दो दिनों से केसला क्षेत्र में लावारिस हालत में घूम रही थी। शनिवार दोपहर करीब 3:00 बजे महिला भौरा (थाना शाहपुर) के पास जंगल क्षेत्र में भटकती हुई पाई गई। सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक कुवरलाल नागले मौके पर पहुंचे। महिला की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह अपना पता बताने में असमर्थ थी।
LostAndFound, SocialMediaHelp, PoliceAssistance
सोशल मीडिया बना मददगार
थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने महिला की पहचान स्थापित करने के लिए तत्काल उसके फोटोग्राफ सोशल मीडिया ग्रुप्स और अन्य माध्यमों पर साझा किए। कुछ ही समय में महिला की शिनाख्त भौंरा चौकी के पास स्थित एक गांव की निवासी के रूप में हुई। पता चला कि महिला मजदूरी के लिए बॉर्डर क्षेत्र गई थी, जहां से वह रास्ता भटक गई थी।
परिजनों को सौंपा, इलाज में सहयोग का आश्वासन
परिजनों से संपर्क होने के बाद डायल 112 स्टाफ (महिला आरक्षक सविता, मनीषा और आरक्षक जय किशन) ने महिला को सुरक्षित उसके घर पहुँचाया। अपनी बेटी को सकुशल पाकर परिवार भावुक हो गया और पुलिस का आभार व्यक्त किया।
परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी ने महिला के बेहतर उपचार के लिए हर संभव मदद और उचित सलाह देने का आश्वासन भी दिया है। शाहपुर पुलिस की यह तत्परता कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय मूल्यों की मिसाल पेश करती है।











