top of page

कुंडी टोल प्लाजा पर अव्यवस्था से वाहन चालक परेशान, 10 में से केवल 2 लेन चालू रहने से लग रहा लंबा जाम KundiTollPlaza, NH47Traffic, MPnews

  • Aug 5
  • 2 min read

Betul: नेशनल हाईवे-47 पर स्थित कुंडी टोल प्लाजा पर नई ठेका कंपनी 'स्काई लार्क' के संचालन संभालने के बाद से ही वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टोल पर कुल 10 लेन होने के बावजूद अधिकांश लेनों को बंद रखा जा रहा है, जिससे रोजाना घंटों लंबा जाम लग रहा है। इस स्थिति के कारण यात्रियों और टोल कर्मियों के बीच आए दिन विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही कुंडी टोल प्लाजा की शुरुआत कर दी थी, जिसका स्थानीय स्तर पर काफी विरोध भी हुआ था। अब पूर्व ठेकेदार के जाने के बाद टोल संचालन का जिम्मा स्काई लार्क कंपनी को सौंपा गया है।

KundiTollPlaza, NH47Traffic, MPnews

आरोप है कि टोल प्लाजा पर आने-जाने के लिए बनाई गई 5-5 लेनों में से 4-4 लेनों को ड्रम रखकर बंद कर दिया जाता है। वाहनों की आवाजाही केवल एक-एक लेन से कराए जाने के कारण कुछ ही देर में हाईवे पर वाहनों की कतार कई सौ मीटर तक लंबी हो जाती है। चालकों का कहना है कि पूरा टोल टैक्स देने के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जिससे समय और ईंधन दोनों का नुकसान हो रहा है।

इसके अलावा Fastag स्कैनिंग मशीनों में आ रही तकनीकी खराबी के कारण भी वाहनों को बार-बार रोकना पड़ रहा है। स्कैन फेल होने से स्थिति और बिगड़ जाती है, जिससे रोजाना हंगामा देखने को मिल रहा है। स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने NHAI से मामले का संज्ञान लेकर सभी लेन चालू कराने तथा व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है।

प्रबंधन का पक्ष

"टोल की सभी लाइनें चालू हैं, रात के समय मरम्मत और रखरखाव का कार्य किया जा रहा है। शुक्रवार तक यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, जिसके बाद व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।"— रामरतन भारद्वाज, प्रोजेक्ट मैनेजर, कुंडी टोल

Top Stories

1/15
bottom of page