42 डिग्री तापमान में भी शाहपुर के बस स्टैंड और बाजार में नहीं खुली एक भी प्याऊ, प्यास बुझाने के लिए भटक रहे लोग ExtremeHeatCrisis, PublicHealthConcerns, LocalGovernanceFailure
- May 20
- 2 min read
शाहपुर: शहर में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है, जिससे आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के प्रमुख स्थानों पर अब तक सार्वजनिक प्याऊ की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में राहगीरों, मजदूरों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को प्यास बुझाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। शहर के मुख्य चौक-चौराहों, बस स्टैंड और बाजार क्षेत्र में ठंडे पेयजल की कोई समुचित व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गर्मी के मौसम में नगर पालिका द्वारा सार्वजनिक प्याऊ लगाए जाते थे, लेकिन इस बार गर्मी अपने चरम पर पहुंचने के बावजूद अब तक कोई पहल नहीं की गई है। नागरिकों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो संभवतः नगर पालिका बरसात के मौसम में प्याऊ खोलेगी। लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि जब गर्मी बीत जाएगी, तब शायद प्रशासन को आमजन की प्यास की चिंता होगी।

ExtremeHeatCrisis, PublicHealthConcerns, LocalGovernanceFailure
बस स्टैंड और बाजार क्षेत्र में पानी की व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को दुकानों से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है। इससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। शहर में 15 वार्ड होने के बावजूद अब तक इस गंभीर समस्या को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है। नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर मौन साधे हुए हैं और जनता की समस्याओं से उन्हें कोई सरोकार नहीं है। शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि भीषण गर्मी को देखते हुए तत्काल प्रमुख स्थानों पर शीतल पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
इनका कहना है :-
कर्मचारियों को सार्वजनिक स्थान पर प्याऊ खोलने के लिए निर्देशित किया गया था । पतौवापूरा मैं प्याऊ खोला गया है। बाकी जानकारी में लेकर आपको बताता हूं। - के.एस. उईके, सीएमओ नप शाहपुर











