हर बूथ पर संगठन मजबूत करना पहली प्राथमिकता, जनता के मुद्दों पर लड़ेंगे चुनाव: निलय डागा CongressParty, BoothStrategy, GrassrootsPolitics
- Apr 6
- 2 min read
शाहपुर में आयोजित रणनीतिक बैठक में घोड़ाडोंगरी विधानसभा के कार्यकर्ता हुए शामिल, संगठन में समानता और सादगी पर दिया जोर
बैतूल। कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय विनोद डागा ने अपने तीन दिवसीय ब्लॉक दौरे के दौरान शाहपुर में रणनीतिक बैठक आयोजित की। इस बैठक के जरिए उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि आने वाले समय में पार्टी की प्राथमिकता केवल कागजों पर संगठन बनाना नहीं, बल्कि हर बूथ को धरातल पर मजबूत करना और जनता का भरोसा जीतना है। बैठक में मुख्य रूप से घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संगठन के साथ वोट बैंक पर भी फोकस: कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए निलय डागा ने कहा कि संगठन की मजबूती आवश्यक है, लेकिन हमारा अंतिम लक्ष्य जनता के बीच पैठ बनाकर उसे वोट में तब्दील करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि सिर्फ संगठन की बातें करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि हमें जनता के बुनियादी मुद्दों को उठाना होगा और उनके हक की लड़ाई लड़नी होगी। पंचायत और वार्ड कमेटियों के गठन को जल्द पूरा करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जब तक जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत नहीं होगी, तब तक बड़े चुनावी लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं है।
सादगी और समानता का संदेश: "न मंच, न माला": निलय डागा ने संगठन के भीतर कार्यप्रणाली को लेकर कड़े और स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा, "मुझे कार्यकर्ताओं से एक चवन्नी भी नहीं चाहिए, आप लोग केवल पार्टी की मजबूती के लिए समर्पित होकर काम करें।" उन्होंने स्वागत सत्कार की औपचारिकता को दरकिनार करते हुए फूल-माला और अन्य स्वागत सामग्री के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगा दी। साथ ही, कार्यक्रमों के दौरान ऊंचे स्टेज (मंच) निर्माण को भी प्रतिबंधित किया गया, ताकि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता समान स्तर पर बैठकर चर्चा कर सकें। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी में सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी बराबर हैं।
CongressParty, BoothStrategy, GrassrootsPolitics
गुटबाजी और निजी स्वार्थ से दूर रहने की सलाह: बैठक में मौजूद पूर्व विधायक ब्रह्मा भलावी ने भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने संगठन की एकता पर बल देते हुए कहा कि यदि हमें सफलता प्राप्त करनी है, तो गुटबाजी और निजी स्वार्थ को त्यागना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
बूथ केंद्रित रणनीति ही जीत की कुंजी: निलय डागा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस की आगामी रणनीति पूरी तरह 'बूथ केंद्रित' होगी। उन्होंने स्थानीय स्तर पर संगठन की कमजोरियों और संभावनाओं का आकलन किया और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर जमीनी फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ जनता के बीच सक्रिय रहने का संदेश दिया, जिससे पार्टी की पकड़ को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।











