भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पुत्री सुरभि का निधन, बैतूल में हुआ अंतिम संस्कार Community Support, Political Figures, Sudden Demise
- Mar 11
- 2 min read
बैतूल। मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सुपुत्री सुरभि खंडेलवाल (34 वर्ष) का बुधवार को हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थीं। उनके निधन की खबर फैलते ही जिले सहित प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।

फिजियोथेरेपी के बाद बिगड़ी तबीयत
पारिवारिक सूत्रों और मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल के अनुसार, सुरभि एक 'स्पेशल चाइल्ड' थीं और लंबे समय से उनका उपचार चल रहा था। बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे उनकी रूटीन फिजियोथेरेपी और एक्यूप्रेशर थेरेपी हुई थी। उपचार के दौरान वे सामान्य थीं और उन्होंने परिजनों से इशारों में बातचीत भी की। इसके कुछ देर बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और दोपहर लगभग 12:00 बजे कार्डियक अरेस्ट (हृदय गति रुकने) के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली।
Community Support, Political Figures, Sudden Demise
नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
बेटी के निधन की सूचना मिलते ही हेमंत खंडेलवाल भोपाल से तत्काल बैतूल पहुंचे। अंतिम यात्रा उनके सिविल लाइन्स स्थित निज निवास 'चंद्रमौली' से निकाली गई, जिसमें भारी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और शुभचिंतक शामिल हुए। कोठीबाजार स्थित मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके भाई वरद खंडेलवाल ने उन्हें मुखाग्नि दी।
मुख्यमंत्री सहित दिग्गजों ने जताया शोक
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा:
"सुरभि खंडेलवाल का बीमारी के कारण निधन अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।"
आचार्य विवेक जैन, जो सुरभि का नेचुरोपैथी और एक्यूपंक्चर से इलाज कर रहे थे, उन्होंने बताया कि सुरभि काफी समझदार थीं और इलाज के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार भी दिख रहा था, लेकिन अचानक आए हार्ट अटैक ने सबको स्तब्ध कर दिया।
जिले के समस्त पत्रकारों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों और सामाजिक संगठनों ने खंडेलवाल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।











