हिंदू सम्मेलन का मुख्य लक्ष्य समाज में राष्ट्र चेतना सुदृढ़ करना: बलराम यादव HinduUnity, CulturalPride, CommunityStrength
- Jan 20
- 2 min read
नर्मदापुरम। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में माधव बस्ती में आयोजित 'विराट हिंदू सम्मेलन' के दौरान पूरा क्षेत्र भगवामय नजर आया। इस आयोजन के माध्यम से हिंदू समाज में एकजुटता, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय भावना को सशक्त करने का संकल्प लिया गया।

भव्य रैली से हुआ शक्ति प्रदर्शन
प्रातः काल से ही राजा मोहल्ला, जगदीशपुरा, सेठानी घाट, नारायणपुर, भीलपुरा और बी.टी.आई. क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से मातृशक्ति, बच्चों और गणमान्य नागरिकों द्वारा भव्य रैलियां निकाली गईं। ये रैलियां जुमेरात स्थित काली मंदिर पर एकत्रित हुईं, जहां से एक विशाल संयुक्त भगवा रैली का रूप लेकर आगे बढ़ीं। इस दौरान बजरंग अखाड़ा के युवाओं ने उत्कृष्ट विद्यालय में अपने शौर्य और अनुशासन का प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया।
HinduUnity, CulturalPride, CommunityStrength
धर्म और राष्ट्रभक्ति का संगम
सम्मेलन का शुभारंभ संतों, विप्र समाज और धर्माचार्यों के सान्निध्य में भारत माता के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात माधव बस्ती के स्थानीय कलाकारों ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं।
धर्माचार्यों और वक्ताओं का संबोधन
कार्यक्रम के अतिथि आचार्य सोमेश परसाई ने कहा कि सनातन मूल्यों को आत्मसात करना और अपनी परंपराओं से भावी पीढ़ी को अवगत कराना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
मुख्य वक्ता जिला सह कार्यवाह बलराम यादव ने सम्मेलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा, "इस आयोजन का प्रमुख लक्ष्य हिंदू चेतना और राष्ट्रीय भावना को सुदृढ़ करना है। यह समाज को संस्कारों और मूल्यों से जोड़ते हुए संगठन, समरसता और सेवा भाव को सशक्त बनाता है।" उन्होंने जोर दिया कि आगामी पीढ़ी में आत्मगौरव का संचार कर एक राष्ट्रनिष्ठ समाज का निर्माण करना ही संघ का ध्येय है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
सम्मेलन में बड़ी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की। मंच पर प्रमुख अतिथियों के रूप में स्वामी नर्मदा मुनि, स्वामी नर्मदादास, धनंजय नारायण, महंत बलरामदास, आचार्य आयुष आर्य, नीरजेश त्रिपाठी और कोमल प्रसाद तावड़िया उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन और समन्वय हिंदू सम्मेलन समिति के संयोजक चंद्रकांत अग्रवाल एवं समिति के सदस्यों द्वारा किया गया।











