बैतूल के बीजादेही में काम न करने की बात पर विवाद, कुल्हाड़ी से हमला कर बुजुर्ग की हत्या BetulNews, BijadehiCrime, CrimeNews
- Aug 7
- 1 min read
बैतूल।: बीजादेही थाना क्षेत्र के ग्राम रतनढाना में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां काम-धंधा न करने की बात पर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपने ही बुजुर्ग परिजन पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना 4 अगस्त की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रतनढाना निवासी 60 वर्षीय रामदयाल काजले का उनके घर पर काम-धंधा न करने की बात को लेकर राजू काजले (43 वर्ष) से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी राजू काजले ने कुल्हाड़ी से रामदयाल काजले के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग के सिर, माथे और कान के पास गहरी चोटें आईं, जिससे अत्यधिक खून बहने लगा।
BetulNews, BijadehiCrime, CrimeNews
घटना की सूचना मिलने पर पड़ोस में रहने वाले फरियादी सुमरत काजले और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने घायल रामदयाल के सिर पर कपड़ा बांधकर खून रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आरोपी हाथ में कुल्हाड़ी लिए मौके से फरार हो गया। कुछ ही देर बाद अत्यधिक चोट और खून बहने के कारण रामदयाल काजले ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बीजादेही पुलिस ने फरियादी सुमरत काजले की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। उपनिरीक्षक जी. पी. बिल्लोरे द्वारा आरोपी राजू काजले के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत अपराध क्रमांक 51/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।











