चिचोली में गड्ढों से पटी सड़कों पर यूथ कांग्रेस ने की धान की रोपाई, अनोखे अंदाज में जताया कड़ा विरोध! Youth Congress, plants paddy, on pothole-ridden roads
चिचोली। नगर की बदहाल सड़कों और चरमराई यातायात व्यवस्था को लेकर यूथ कांग्रेस ने शनिवार को मोर्चा खोल दिया। यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष धर्मेंद्र भलावी और ब्लॉक अध्यक्ष सोनू धुर्वे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बारिश के पानी से भरे गड्ढों में धान के रोपे लगाकर प्रशासन के खिलाफ एक अनोखा और तीखा विरोध प्रदर्शन दर्ज कराया। इस व्यंग्यात्मक प्रदर्शन के जरिए कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए।

चिचोली नगर में लगातार बढ़ते भारी आवागमन के बावजूद सड़कों की मरम्मत और रखरखाव पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्थिति यह हो चुकी है कि मुख्य मार्गों से लेकर अंदरूनी बस्तियों तक की सड़कें बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। बारिश होते ही इन गड्ढों में जलभराव हो जाता है, जिससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं और राहगीरों का चलना दूभर हो चुका है।
करोड़ों का बजट भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा: धर्मेंद्र भलावी प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष धर्मेंद्र भलावी ने नगर परिषद और निर्माण एजेंसियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नगर के विकास और सड़क निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपए की शासकीय राशि खर्च की गई, लेकिन यह पूरी राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। पहली ही मानसूनी बारिश ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की पोल खोलकर रख दी है। आज नगर का ऐसा कोई भी वार्ड नहीं बचा है, जहां नागरिक सुरक्षित और सुगम आवागमन कर सकें।
'सड़कों पर गड्ढे नहीं, धान की खेती लायक खेत तैयार हैं': सड़क की दुर्दशा पर तंज कसते हुए रूपेश आर्य और हर्ष भुसारी ने कहा कि चिचोली की सड़कों के हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि अब वे चलने योग्य न रहकर खेती करने लायक बन गई हैं। इसी वास्तविकता को जिम्मेदारों के सामने लाने के लिए कार्यकर्ताओं ने गड्ढों में धान के पौधे रोपने का कदम उठाया। करोड़ों का बजट स्वीकृत होने के बावजूद अगर सड़कें एक बारिश भी न झेल सकें, तो यह निर्माण कार्य में हुई भारी वित्तीय अनियमितता और घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग को सीधे तौर पर उजागर करता है।Youth Congress, plants paddy, on pothole-ridden roads
जल्द सुधार न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी: यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सोनू धुर्वे ने स्पष्ट किया कि सुरक्षित और बेहतर सड़क व्यवस्था पाना चिचोली के नागरिकों का बुनियादी अधिकार है। स्थानीय प्रशासन और जिम्मेदार विभाग जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने तत्काल सड़कों के पेंचवर्क और नए निर्माण की सुध नहीं ली, तो यूथ कांग्रेस आने वाले दिनों में जनता के साथ मिलकर चरणबद्ध और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जवाबदेही नगर परिषद व स्थानीय प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद: इस विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रमुख रूप से धर्मेंद्र भलावी, सोनू धुर्वे, रूपेश आर्य, हर्ष भुसारी, सैम आर्य, हनी सोनी, मोहित आर्य, अंकेश यादव, मिक्की आर्य, प्रशांत आर्य, मयूर आर्य, दीपक वाडिवा, प्रतिराम वरकड़े, गणेश धुर्वे और वंश राठौर सहित यूथ कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











