बरेठा घाट टाइगर कॉरिडोर को मंजूरी: 758 करोड़ से राष्ट्रीयराजमार्ग-46 पर बनेगा 22 KM लंबा फोरलेन
- Apr 5
- 1 min read
भोपाल: मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग-46 के इटारसी-बैतूल सेक्शन में 22 किलोमीटर लंबे टाइगर कॉरिडोर को फोर लेन बनाया जाएगा। इटारसी-बैतूल के बीच वन क्षेत्र से गुजरने वाला यह टू लेन मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस मार्ग को फोर लेन विस्तार के लिए 758 करोड़ रुपये की लागत के साथ स्वीकृति दी है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। गड़करी ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि इस परियोजना में जानवरों के सुरक्षित रूप से सड़क पार करने के लिए 11 खास अंडरपास और ओवरपास बनाए जाएंगे, जिससे आस-पास के वन्यजीव इलाकों में सड़क दुर्घटनाओं और जानवरों की मौत के मामलों में कमी आएगी।
यह क्षेत्र खेती-बाड़ी का एक बड़ा केंद्र है, और यहां कोयला, तांबा, ग्रेफाइट और सीसा-जस्ता जैसे प्राकृतिक संसाधन भरपूर मात्रा में मौजूद हैं। इस सेक्शन को फोर लेन बनाने से पूरे क्षेत्र में माल ढुलाई में लगने वाला समय कम होगा और सुरक्षा बढ़ेगी, साथ ही किसानों के लिए बाजारों और मंडियों तक पहुंच भी आसान हो जाएगी।
गड़करी ने कहा कि इस 22 किलोमीटर के इस हिस्से को अपग्रेड करने के साथ ही, पूरा ग्वालियर-बैतूल कारिडोर एक फोर लेन वाला हाईवे भी बन जाएगा। इससे यात्रा का समय कम होगा, पहाड़ी इलाकों में सड़क सुरक्षा बेहतर होगी, और माधव नेशनल पार्क, रातापानी और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में इको-पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।













