इंदौर: पौने दो करोड़ रुपये कीमत की एक्सपायर्ड बीयर नष्ट, नागरिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनजर आबकारी विभाग की कार्रवाईBeerDestruction BreweryRegulations ConsumerSafety
इंदौर। जिले के सिमरोल स्थित माउण्ट एवरेस्ट ब्रेवरीज लिमिटेड में निर्धारित नियमों और मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत 2 लाख 23 हजार 316 लीटर एक्सपायर्ड बीयर को नष्ट किया गया है। नष्ट की गई इस बीयर का डिस्टलरी मूल्य लगभग 1.75 करोड़ रुपये आंका गया है। यह कार्रवाई उपायुक्त आबकारी संजय तिवारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।

समय पर निर्यात न होने से हुई एक्सपायर
सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी ने बताया कि यह बीयर मध्य प्रदेश सहित दिल्ली, असम और महाराष्ट्र में आपूर्ति के लिए निर्मित की गई थी। संबंधित राज्यों से समय पर मांग (डिमांड) प्राप्त न होने के कारण इसे तय समय सीमा के भीतर निर्यात नहीं किया जा सका। बीयर की निर्माण तिथि से 6 माह की अवधि बीत जाने के बाद इकाई प्रभारी ने इसकी जानकारी आबकारी विभाग को दी थी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और पारदर्शिता
जन स्वास्थ्य और उपभोक्ता हितों को ध्यान में रखते हुए आबकारी विभाग ने जानकारी मिलते ही नष्टीकरण की प्रक्रिया शुरू की। विभाग ने स्कंध का सत्यापन और गणना कर अपनी कड़ी निगरानी में बीयर नष्ट कराई ताकि किसी भी स्तर पर इसकी अवैध बिक्री या आपूर्ति न हो सके।
BeerDestruction BreweryRegulations ConsumerSafety
नष्टीकरण की प्रक्रिया
यह संपूर्ण कार्रवाई पिछले तीन दिनों तक चली। नष्टीकरण के लिए अपनाई गई प्रक्रिया इस प्रकार रही:
बोतलों में भरी बीयर को बहाकर नष्ट किया गया।
केन (Cans) में भरी बीयर को बुलडोजर और जेसीबी मशीन से कुचलकर पूरी तरह नष्ट किया गया।
सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।











