कोई रिश्वत मांगे तो इन नंबरों पर दें जानकारी, तुरंत होगा एक्शन (AntiCorruptionDrive LokayuktaAction Bhopalcleanup)
- Dec 21, 2025
- 2 min read

भोपाल : मध्यप्रदेश के सरकारी विभागों में बढ़ते भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी पर अंकुश लगाने के लिए लोकायुक्त पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को रंगे हाथों पकड़ने के लिए लोकायुक्त ने आम जनता को सीधे अभियान से जोड़ने की योजना बनाई है। इसके तहत जनता के लिए दो केंद्रीकृत हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
AntiCorruptionDrive LokayuktaAction Bhopalcleanup
शिकायतकर्ताओं को मिलेगी पूरी गाइडलाइन
लोकायुक्त हेडक्वॉर्टर द्वारा जारी इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने वाले शिकायतकर्ताओं को ट्रैप की पूरी प्रक्रिया, जरूरी सावधानियां और संबंधित लोकायुक्त अधिकारियों से संपर्क की जानकारी दी जाएगी। जिन लोगों को ट्रैप की प्रक्रिया की जानकारी नहीं है, उन्हें फोन पर ही पूरी तरह गाइड किया जाएगा।
सरकारी कार्यालयों में लगाए जा रहे पोस्टर
इन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के लिए कलेक्ट्रेट, नगर निगम, आरटीओ सहित विभिन्न सरकारी विभागों में पोस्टर लगाए जा रहे हैं, ताकि कोई भी पीड़ित व्यक्ति बिना झिझक शिकायत दर्ज करा सके।
ऐसे करेगा सिस्टम काम
हेल्पलाइन पर शिकायत मिलने के बाद उसे लोकायुक्त हेड ऑफिस में दर्ज किया जाएगा। इसके बाद संबंधित लोकायुक्त कार्यालय को शिकायत ट्रांसफर की जाएगी। वहां मौजूद अधिकारी शिकायतकर्ता से संपर्क कर ट्रैप की प्रक्रिया को अमल में लाएंगे। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
लोकायुक्त एसपी का बयान
भोपाल लोकायुक्त एसपी दुर्गेश राठौड़ ने बताया कि इस पहल से लोगों में जागरूकता बढ़ेगी। यदि कोई पीड़ित व्यक्ति ट्रैप की प्रक्रिया से अनजान है तो उसे पूरी तरह मार्गदर्शन दिया जाएगा। सही शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह हैं लोकायुक्त के हेल्पलाइन नंबर
मोबाइल नंबर: 9407293446
लैंडलाइन नंबर: 0755-2540889
तेजी से हो रही कार्रवाई
लोकायुक्त पुलिस द्वारा पिछले डेढ़ महीने में प्रदेशभर में रिश्वतखोरी के मामलों में 70 से अधिक ट्रैप कार्रवाई की जा चुकी है, जो भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख को दर्शाता है।











