top of page

नीट परीक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर-एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

  • Jun 19
  • 1 min read

बैतूल : 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारियों का शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया।


अधिकारियों ने परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित संचालन के लिए सुरक्षा व्यवस्थाओं सहित सभी आवश्यक इंतजामों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पीएम श्री महारानी लक्ष्मीबाई विद्यालय, गंज कन्या शाला, सांदीपनि विद्यालय बैतूल बाजार, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय गंज बैतूल तथा जेएच कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का अवलोकन किया गया। कलेक्टर एवं एसपी ने परीक्षा कक्षों, स्ट्रांग रूम और कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर केंद्र प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की बैठक व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही परीक्षा पूर्व होने वाली बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने निर्देश दिए कि परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी कर ली जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जेएच कॉलेज परिसर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर की स्वच्छता बनाए रखने, पौधारोपण करने और उनके नियमित रखरखाव के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के समय एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती तृप्ति पटेरिया,परीक्षा केंद्र प्रभारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 
 

Top Stories

1/15
bottom of page